Article

भगवा हुआ दूरदर्शन का प्रतीक चिन्ह, विपक्ष ने जताई आपत्ति- प्रसार भारती बना बीजेपी का प्रचार भारती!

 24 Apr 2024

प्रसार भारती ने दूरदर्शन का आधिकारिक लोगो  यानी प्रतीक चिन्ह का रंग बदलकर भगवा कर दिया है। विपक्ष ने भगवा रंग और चुनाव के दौरान राष्ट्रीय चैनल के लोगो में बदलाव को लेकर कड़ी आपत्ति जतायी है। विपक्ष ने दूरदर्शन के नये लोगो को भाजपा के प्रचार का ‘प्रतीक’ बताया है।


राष्ट्रीय चैनल पर विपक्ष की मौज़ूदगी को ख़त्म किया जाए रहा है..

सरकारी राष्ट्रीय चैनल दूरदर्शन के लोगो का रंग रूबी लाल से बदलकर भगवा(नारंगी) कर दिया गया है। विपक्ष ने भाजपा की केंद्र सरकार से सवाल पूछा है कि चुनावों के दौरान इस प्रकार के बदलाव की क्या मज़बूरी रही?

टीएमसी से राज्यसभा के सांसद और प्रसार भारती के पूर्व मुख्य कार्यकारी अधिकारी रहे जवाहर सरकार ने दूरदर्शन के ऐतिहासिक लोगो के रंग में भगवा बदलाव को लेकर चिंता जतायी है। जवाहर ने कहा कि प्रसार भारती अब ‘प्रचार भारती’ बन गया है। उन्होंने कहा कि सिर्फ़ प्रसार भर्ती के लोगो को ही नहीं बदला गया है बल्कि सरकारी चैनलों से विपक्ष को भी गायब कर दिया गया है, अब शायद ही विपक्ष को दूरदर्शन में जगह दी जायेगी। जवाहर ने संसद के राज्यसभा दीवारों पर भी भगवा रंग रंगने को लेकर सवाल उठाये हैं।


शुरुआत में दूरदर्शन का लोगो भगवा था - प्रसार भारती अधिकारी

प्रसार भारती के एक अधिकारी ने बताया है कि जब 1959 में दूरदर्शन की शुरुआत हुई थी, तब दूरदर्शन के लोगो का रंग भगवा ही था। जिसके बाद समय-समय पर नीले-पीले और लाग रंग में दूरदर्शन का लोगो तैयार किया गया था। कई वर्षों से लोगो के साथ ‘सत्यम शिवम् सुंदरम’ की पंक्ति को भी शामिल किया जाता रहा, जिसे बाद में हटा दिया गया। 

लोगो के रंग को किसी विचारधारा के आधार पर नहीं चुना गया है बल्कि जो रंग आकर्षक रहा उसी को चुना गया है। अभी दूरदर्शन के अन्य चैनलों पर भी काम जारी है, जिनमे कुछ सुधार होने है। अधिकारी का कहना है कि दूरदर्शन को अब एक नयी ऊर्जा और नये कार्यक्रमों के साथ पेश की जाने की योजना चल रही है। 

मार्च में अयोध्या में राम मंदिर के उद्घाटन के बाद, दूरदर्शन ने यह घोषणा की थी कि हर दिन सुबह की जाने वाली आरती का सीधा प्रसारण राष्ट्रीय चैनल दूरदर्शन पर किया जायेगा।